हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महेंद्रगढ़ के गांव गोद में गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा का स्वागत किया। उन्होंने यात्रा को हरी झंडी दिखाकर आगे रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा सेवा से संकल्प, संकल्प से सिद्धि और सिद्धि से विकसित भारत के संदेश को लोगों तक पहुंचा रही है।
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा को अपने जीवन का प्रमुख उद्देश्य बनाया है। सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और सैनिकों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने यात्रा में शामिल युवाओं से नशे और हिंसा से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास, रोजगार और राष्ट्र निर्माण में लगाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ युवाओं को अपनी संस्कृति और संस्कारों से भी जुड़े रहना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महेंद्रगढ़ क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं।
इनमें गांव गोद में ई-लाइब्रेरी, बलाह कलां के जलघर को नहर से पाइपलाइन द्वारा जोड़ना, बलाह खुर्द से राजस्थान सीमा तक रास्ते को पक्का करना और बालाजी मंदिर के सामने व्यायामशाला का निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने यात्रा में शामिल युवाओं से बातचीत कर राजस्थान यात्रा के अनुभव जाने। इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया।


