एसएएस नगर, 23 अक्टूबर: डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एआईएमएस), मोहाली में एमबीबीएस के वर्ष 2026 बैच के नए विद्यार्थियों के लिए संस्थान के सभागार में व्हाइट कोट समारोह आयोजित किया गया। यह समारोह विद्यार्थियों के चिकित्सा पेशे में औपचारिक प्रवेश का प्रतीक बना। इस दौरान विद्यार्थियों को मरीजों की सेवा, संवेदनशीलता और चिकित्सा पेशे की नैतिक जिम्मेदारियों के महत्व से अवगत करवाया गया।
पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि एआईएमएस मोहाली के चेयरपर्सन डॉ. भगवंत सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर जीएमसीएच, चंडीगढ़ के जनरल सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं पूर्व निदेशक-प्रिंसिपल डॉ. ए.के. अत्री, फोर्टिस अस्पताल मोहाली के जनरल सर्जरी विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. राजीव कपूर तथा पीजीआई चंडीगढ़ के सोशल पीडियाट्रिक्स विभाग की प्रोफेसर एवं एआईएमएस मोहाली की पूर्व निदेशक-प्रिंसिपल डॉ. भवनीत भारती विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
मरीजों की सेवा को हमेशा प्राथमिकता दें विद्यार्थी: प्रो. विवेक लाल
मुख्य अतिथि प्रो. विवेक लाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, कड़ी मेहनत करने और चिकित्सा पेशे के प्रति पूर्ण समर्पण रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा और पेशेवर सफलता की यात्रा में मरीज सबसे महत्वपूर्ण शिक्षक साबित होते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को मरीजों के अनुभवों से सीखना चाहिए और उनकी देखभाल को हमेशा प्राथमिकता देनी चाहिए।
चेयरपर्सन और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे में करुणा, ईमानदारी, नैतिकता और जनसेवा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सफेद कोट केवल एक पोशाक नहीं, बल्कि मरीजों के प्रति जिम्मेदारी, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है।
नए विद्यार्थियों ने ली चरक शपथ
समारोह के दौरान एआईएमएस मोहाली के संकाय सदस्यों ने नए विद्यार्थियों को सफेद कोट पहनाए। इसके बाद विद्यार्थियों ने चरक शपथ लेकर मरीजों की सेवा ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण भाव से करने का संकल्प लिया।
समारोह की एक खास बात यह रही कि इसका आयोजन और संचालन एमबीबीएस के वर्ष 2021 बैच के इंटर्न विद्यार्थियों ने अपने जूनियर विद्यार्थियों के लिए किया। यह पहल संस्थान में वरिष्ठ और कनिष्ठ विद्यार्थियों के बीच मार्गदर्शन, सहयोग और आपसी जुड़ाव की भावना को दर्शाती है।
निदेशक-प्रिंसिपल ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
समारोह के समापन पर एआईएमएस मोहाली के निदेशक-प्रिंसिपल डॉ. नवदीप सिंह सैनी ने संबोधन दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए विद्यार्थी अपनी मेहनत, लगन और चिकित्सा पेशे के प्रति समर्पण से संस्थान का नाम रोशन करेंगे।


