हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य में किसानों की धान की फसल के एक-एक दाने की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों को मंडियों में अपनी फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चले।
मुख्यमंत्री ने बाबैन अनाज मंडी में किसानों, आढ़तियों, व्यापारियों, राइस मिलरों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मंडियों में जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
नायब सिंह सैनी ने बताया कि किसान 21 से 27 सितंबर के बीच ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर अपनी फसल से संबंधित आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में अपना पंजीकरण और जरूरी जानकारी दर्ज कराएं, ताकि खरीद प्रक्रिया में किसी तरह की दिक्कत न आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। धान की आवक बढ़ने के साथ खरीद, उठान और भंडारण व्यवस्था पर भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में अधिकारियों ने धान खरीद से जुड़ी तैयारियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।


