हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अब 1.80 लाख रुपये तक सालाना आय वाले परिवारों की पात्र महिलाओं को भी दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये दिए जाते हैं। सरकार ने 17 सितंबर को योजना का दायरा बढ़ाया है और नए लाभार्थियों के लिए आवेदन पोर्टल खोला गया है। नवंबर से पात्र महिलाओं को इसका लाभ मिलने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

मुख्यमंत्री रविवार को लाडवा विधानसभा क्षेत्र के जनसंवाद कार्यक्रमों में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अब तक योजना के तहत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ऑनलाइन खातों में भेजी जा चुकी है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश के 2 लाख युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर देने पर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कालीरानो गांव के विकास के लिए 21 लाख और लाइब्रेरी के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। सुल्तानपुर में 21 लाख और गुरुद्वारा साहिब के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा हुई। सोंटी और बीड सोंटी में भी 21-21 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।

Related Posts