पंचकूला जोन के बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की बैठक 21 और 28 सितंबर को होगी। इसमें 1 लाख रुपये से अधिक और 3 लाख रुपये तक के वित्तीय विवादों से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।

उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के अनुसार पंचकूला जोन के तहत आने वाले पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और यमुनानगर जिलों के उपभोक्ता अपनी शिकायतें मंच के सामने रख सकते हैं।

बैठक में गलत बिजली बिल, बिजली दरों, मीटर सिक्योरिटी, खराब मीटर और कम या अधिक वोल्टेज से जुड़ी शिकायतों पर सुनवाई की जाएगी। हालांकि बिजली चोरी, बिजली के दुरुपयोग तथा घातक या गैर-घातक दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों पर इस मंच में विचार नहीं किया जाएगा।

निगम ने बताया कि वित्तीय विवाद की शिकायत दर्ज कराने से पहले उपभोक्ता को नियमों के अनुसार निर्धारित राशि जमा करनी होगी। साथ ही यह भी प्रमाणित करना होगा कि संबंधित मामला किसी अदालत, प्राधिकरण या अन्य फोरम में लंबित नहीं है।

उपभोक्ता 21 और 28 सितंबर को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विद्युत सदन, इंडस्ट्रियल प्लॉट-3 और 4, सेक्टर-14, पंचकूला में पहुंचकर अपनी शिकायतों का समाधान करा सकते हैं।

 

Related Posts