हरियाणा राज्य महिला आयोग और गुरुग्राम पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर 18 और 19 सितंबर को संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों और महिलाओं के शोषण से जुड़ी शिकायतों पर कई जगह कार्रवाई की गई।

आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने बताया कि सेक्टर-90 के सफायर मॉल में 18 स्पा सेंटरों की जांच की गई। यहां से 30 लड़कियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि 20 युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक, दस्तावेजी और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया है।

अगले दिन रेस्क्यू की गई लड़कियों की काउंसलिंग की गई। एक पीड़िता ने नाबालिग उम्र में शोषण और जबरन इन गतिविधियों में धकेले जाने की जानकारी दी। इसके बाद मामले की जांच का दायरा बढ़ाया गया।

संयुक्त टीम ने सेक्टर-38 के एक भवन में भी कार्रवाई की, जहां 13 युवक और 8 युवतियां मिलीं। कुछ पीड़िताओं ने डराने-धमकाने और इच्छा के खिलाफ काम कराने की बात कही। एक स्पा सेंटर से हथियार मिलने की भी जानकारी दी गई है।

उषा प्रियदर्शी ने कहा कि महिलाओं के शोषण और मानव तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पीड़ित लड़कियों की काउंसलिंग और पुलिस जांच आगे भी जारी है।

Related Posts