हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन संघर्ष, मेहनत और देश सेवा की मिसाल है। उनकी जीवन यात्रा युवाओं को कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित नाटक ‘शून्य से शिखर तक’ देखने पहुंचे। इसका आयोजन दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (सुपवा), रोहतक और हरियाणा के सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग ने किया।
नाटक में सुपवा के विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के बचपन से लेकर सार्वजनिक जीवन और देश सेवा तक के सफर को मंच पर पेश किया। कलाकारों ने उनके संघर्ष, मेहनत और संकल्प को अभिनय के जरिए दिखाया।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों और कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रस्तुतियों से नई पीढ़ी को मेहनत, समर्पण और जिम्मेदारी का महत्व समझने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गुजरात से लेकर देश के नेतृत्व तक कई चुनौतियों का सामना किया और विकास के लिए काम किया।
कार्यक्रम में विभाग के आयुक्त एवं सचिव के.एम. पांडुरंग और सुपवा के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य ने भी प्रस्तुति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस नाटक का अन्य स्थानों पर भी मंचन होना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक युवा इससे प्रेरणा ले सकें।


