रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सितंबर 2026 में समाप्त तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक का सबसे अधिक तिमाही मुनाफा दर्ज किया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 33.8 फीसदी बढ़कर 29,550 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कंपनी की कुल आय 27.8 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 3.62 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

कंपनी के इस प्रदर्शन में जियो और ऑयल-केमिकल कारोबार का बड़ा योगदान रहा। ऑयल-केमिकल (O2C) कारोबार का EBITDA 67.9 फीसदी बढ़कर 25,203 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, इस कारोबार से होने वाली आय में भी 44.2 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव और कच्चे तेल की आपूर्ति में चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने रिकॉर्ड मात्रा में कच्चे तेल का प्रसंस्करण किया। इसके लिए लैटिन अमेरिका, उत्तरी अमेरिका और भूमध्यसागरीय क्षेत्रों से आपूर्ति के विकल्प अपनाए गए।

जियो प्लेटफॉर्म्स और रिलायंस रिटेल ने भी कंपनी की कमाई बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। रिलायंस रिटेल ने तिमाही में 303 नए स्टोर खोले। इस दौरान कंपनी का कुल EBITDA 23.9 फीसदी बढ़कर 62,409 करोड़ रुपये पहुंच गया। पहली छमाही में रिलायंस का मुनाफा भी पहली बार 50 हजार करोड़ रुपये के पार निकल गया।

Related Posts