पंजाब सरकार राज्य में विदेशी निवेश बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के प्रयास कर रही है। इसी दिशा में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री अमन अरोड़ा ने ब्रिटेन के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर पंजाब में कारोबार और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।

चंडीगढ़ स्थित इन्वेस्ट पंजाब में हुई बैठक में ब्रिटेन की उप उच्चायुक्त अल्बा स्मेरिग्लियो भी मौजूद रहीं। इस दौरान मंत्री ने पंजाब की नई औद्योगिक एवं व्यापार विकास नीति 2026 की जानकारी दी। साथ ही भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौते (CETA) के तहत मिलने वाले अवसरों पर चर्चा की।

अमन अरोड़ा ने ब्रिटिश कंपनियों को पंजाब में उद्योग लगाने का न्योता देते हुए कहा कि राज्य आधुनिक उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पंजाब में कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, इंजीनियरिंग और ऑटो पार्ट्स जैसे क्षेत्रों में निवेश की अच्छी संभावनाएं हैं।

उन्होंने बताया कि विदेशी कंपनियों की मदद के लिए सरकार ने FTA एवं एक्सपोर्ट सुविधा सेल बनाया है। इसके माध्यम से निवेशकों को सरकारी प्रक्रियाओं, निर्यात और बाजार से जुड़ी सहायता मिलेगी।

ब्रिटिश प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के कुशल युवाओं और औद्योगिक विकास में रुचि दिखाई। दोनों पक्षों ने आगे भी संपर्क बनाए रखने और कारोबारी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

Related Posts