पंजाब चुनाव 2027: AAP कल जारी कर सकती है उम्मीदवारों की पहली सूची, CM मान ने बताया समय

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ऐलान किया है कि पार्टी शनिवार, 31 अक्टूबर को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। उन्होंने बताया कि सूची दोपहर 12 बजे तक जारी होने की संभावना है।

इस घोषणा से पहले दिल्ली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और उम्मीदवारों के चयन को लेकर चर्चा की गई।

मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में कई सर्वे करवाए गए हैं। उम्मीदवारों का चयन जनता की पसंद और लोगों की राय को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

सीएम मान ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने अपने काम और विकास के आधार पर जनता से वोट मांगे हैं और पार्टी पिछली जीत की परंपरा को कायम रखेगी।

इस दौरान भगवंत मान ने अकाली दल और बीजेपी के संभावित गठबंधन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि शून्य में शून्य जोड़ने, घटाने, गुणा करने या भाग देने पर नतीजा शून्य ही रहता है।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के एक मंच पर आने की संभावनाओं पर भी मुख्यमंत्री ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों नेता एक मंच साझा करते हैं या नहीं।

Related Posts