हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को गुरुग्राम की जटौली और फर्रूखनगर अनाज मंडियों का दौरा कर बाजरे की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को फसल बेचने में परेशानी न हो और उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिले।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर मंडियों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों और खरीद एजेंसियों के साथ बैठक कर खरीद, फसल उठान और भुगतान की स्थिति की समीक्षा की।

समय पर उठान और भुगतान के निर्देश

श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें मंडियों में बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया पारदर्शी रखने और किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि खरीदी गई फसल का समय पर उठान और उचित भंडारण जरूरी है, ताकि मंडियों में जगह की कमी न हो और किसानों को इंतजार न करना पड़े। उन्होंने खरीद एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा।

बुनियादी सुविधाओं पर भी जोर

कृषि मंत्री ने मंडियों में पेयजल, बिजली, छाया, शौचालय और साफ-सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बेचने के दौरान सुविधाजनक माहौल मिलना चाहिए और व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इस अवसर पर एसडीएम दिनेश लुहाच, मार्केट कमेटी पटौदी-जटौली के चेयरमैन मनोज मोकलवास, सचिव विपिन यादव सहित अधिकारी और आढ़ती मौजूद रहे।

Related Posts