हरियाणा के उद्योग एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग छोड़कर पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित वातावरण आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की नींव है, इसलिए हर नागरिक को पर्यावरण बचाने का संकल्प लेना चाहिए।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधे की कम से कम पांच वर्षों तक देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी निभाए, तो हरियाणा ही नहीं, पूरे देश में हरित क्षेत्र का तेजी से विस्तार हो सकता है।

उन्होंने लोगों से दैनिक जीवन में प्लास्टिक के विकल्प अपनाने, कपड़े या जूट के थैले इस्तेमाल करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार विभिन्न अभियान चला रही है, लेकिन इन अभियानों की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब आम जनता भी इसमें बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाए और प्रकृति के संरक्षण को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझे।

Related Posts