पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लुधियाना को दो नए स्कूल ऑफ एमिनेंस समर्पित किए। इनमें किदवई नगर स्थित स्कूल में 27 आधुनिक कक्षाएं और मिलर गंज स्कूल में 11 कक्षाएं हैं। दोनों स्कूल अत्याधुनिक विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, ऑडिटोरियम, आधुनिक फर्नीचर और अन्य सुविधाओं से लैस हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नए स्कूलों के साथ लुधियाना में अब 16 स्कूल ऑफ एमिनेंस, 11 स्कूल ऑफ ब्रिलियंस और 35 स्कूल ऑफ हैप्पीनेस हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह शहर औद्योगिक क्रांति का केंद्र रहा है, उसी तरह अब शिक्षा क्रांति का भी नेतृत्व कर रहा है।
भगवंत मान ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षण माहौल, आधुनिक सुविधाएं, विदेशों में शिक्षक प्रशिक्षण और सुसज्जित पुस्तकालयों के कारण अभिभावकों का भरोसा बढ़ा है और निजी स्कूलों के छात्र भी सरकारी स्कूलों की ओर रुख कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने पंजाब को स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश में शीर्ष स्थान तक पहुंचाया है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के जरिए शिक्षित, स्वस्थ व नशामुक्त ‘रंगला पंजाब’ का निर्माण किया जा रहा है।


