हरियाणा के राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि स्कूलों में पढ़ाई के साथ बच्चों को अपनी प्रतिभा और विचार दिखाने के लिए अलग-अलग गतिविधियों में हिस्सा लेने के मौके मिलने चाहिए। भाषण, पेंटिंग और रंगोली जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देती हैं।
राजेश नागर भिवानी के गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित जिला स्तरीय ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
मंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के जरिए बच्चों को देश और समाज के भविष्य को लेकर अपने विचार रखने का मंच मिलता है। उन्होंने छात्रों से ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपनी भूमिका समझने और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छात्रा दीक्षा ने ‘मेरे सपनों का भारत’ और ‘विकसित भारत’ को लेकर अपने विचार साझा किए। इसके अलावा विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। मंत्री ने स्कूल में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट का दौरा किया और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल किताबों तक सीमित नहीं है। रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियां उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने में मदद करती हैं।


