हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने फतेहाबाद में जनस्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लोगों को विकास कार्यों का लाभ जल्द मिल सके।

मंत्री ने भुना रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के नए रेस्ट हाउस में दोनों विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

बैठक में पेयजल, सीवरेज और अन्य जनस्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि आम लोगों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। पेयजल और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने के भी निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़कों, भवनों, पुलों और अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुए मंत्री ने कहा कि हर परियोजना निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर काम की निगरानी करने को कहा।

रणबीर गंगवा ने 2026-27 के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ाने और जरूरी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।

बैठक के बाद मंत्री ने सेक्टर-9 में निर्माणाधीन 200 बेड के अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से अस्पताल के बाकी बचे कार्यों की जानकारी ली और उन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अस्पताल की सुविधा लोगों को समय पर मिल सके।

इस अवसर पर पूर्व विधायक दुदाराम, पूर्व आईजी दलवीर भारती, अधीक्षण अभियंता अजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts