पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विदेश में छिपे गैंगस्टरों और अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे पंजाब में हों या विदेश में, कानून से लंबे समय तक बच नहीं सकते। पंजाब पुलिस उन्हें तलाश कर वापस लाएगी और कानून के सामने पेश करेगी।

मुख्यमंत्री ने मोल्दोवा से भगोड़े अपराधी अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत डालम के प्रत्यर्पण में अहम भूमिका निभाने वाली पंजाब पुलिस की टीम को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ सरकार की मुहिम की बड़ी सफलता है।

सीएम मान ने बताया कि पंजाब में अब तक 1,234 गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है और विदेश से 10 भगोड़ों को वापस लाया गया है। नशा तस्करों के खिलाफ 60,582 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 366 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार गैंगस्टरों, नशा तस्करों, फिरौती मांगने वालों और संगठित अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधी अपनी जगह या पहचान बदल सकते हैं, लेकिन कानून की पहुंच से हमेशा नहीं बच सकते।

उन्होंने पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल की भी सराहना की। मान ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और पंजाब में शांति और सुरक्षा बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

Related Posts