पंजाब में आज स्थानिय निकाय चुनाव की धूम है । कड़ी धूप के बावजूद सुबह से ही लोग अपने मतों का प्रयोग करने के लिए घऱों से निकल रहें है। इस  बीच कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग का अनोखा अंदाज देखने को मिला। राजा वड़िंग अपनी पत्नी अमृता वड़िंग के साथ बैलगाड़ी पर सवार होकर मुक्तसर के वार्ड नंबर पांच में वोट डालने पहुंचे। उनका यह अंदाज देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।

राजा वड़िंग ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को अपने वाहन घरों में खड़े करने पड़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पंजाब में पेट्रोल 105 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुका है। ऐसे में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सिर्फ चुनाव जीतने के लिए नहीं चुना गया, बल्कि जनता को राहत देना भी सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि बैलगाड़ी से वोट डालने का मकसद सरकार तक यह संदेश पहुंचाना था कि महंगाई ने लोगों को पुराने दौर की तरफ धकेल दिया है। राजा वड़िंग ने ऐलान किया कि कांग्रेस पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पंजाब समेत पूरे देश में बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई से ट्रांसपोर्ट महंगा हो रहा है और इसका असर सब्जियों, राशन और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी पड़ रहा है।

राजा वड़िंग ने कहा कि महंगाई ने आम परिवारों का बजट 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है और किसानों पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को सड़क से संसद तक उठाएगी।

 

Related Posts