दिवाली के त्योहार को देखते हुए हरियाणा सरकार ने प्रदेश के सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं को मजबूत रखने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है, ताकि पटाखों से जलने या किसी अन्य हादसे की स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके।

स्वास्थ्य मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी अस्पतालों में बर्न, ईएनटी और इमरजेंसी वार्ड में पर्याप्त बेड आरक्षित रखे जाएं। इसके साथ ही जरूरी दवाइयों, मेडिकल उपकरणों और इलाज से जुड़ी अन्य सुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।

एडवाइजरी के अनुसार, आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों को ऑन-कॉल उपलब्ध रहना होगा, ताकि मरीजों के इलाज में देरी न हो।

आरती सिंह राव ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अस्पतालों में सभी जरूरी इंतजाम पहले से पूरे करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य दिवाली के दौरान किसी भी दुर्घटना या आतिशबाजी से होने वाली चोट की स्थिति में लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है।

Related Posts