पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो ने सितंबर महीने में रि/श्वत लेने के छह मामलों में 8 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा। इनमें 6 सरकारी कर्मचारी और 2 निजी व्यक्ति शामिल हैं। विजिलेंस ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने बताया कि विभाग सरकारी कर्मचारियों और अन्य लोगों के बीच भ्रष्टाचार रोकने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। सितंबर में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की जांच और कानूनी कार्रवाई भी की गई।

प्रवक्ता के अनुसार, ब्यूरो ने पिछले महीने विभिन्न अदालतों में 23 मामलों की चार्जशीट दाखिल की। इसके अलावा, भ्रष्टाचार के एक मामले की गहराई से जांच करने के लिए विजिलेंस जांच शुरू की गई। इस दौरान 8 आरोपियों के खिलाफ चार नए आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए। इनमें 7 सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। वहीं, एक सरकारी कर्मचारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया।

अदालत ने 6 दोषियों को सुनाई सजा

विजिलेंस ब्यूरो की ओर से दर्ज और अदालत में चलाए गए रि/श्वतखोरी के चार मामलों में पिछले महीने फैसला सुनाया गया। इन मामलों में अदालत ने 6 लोगों को दोषी ठहराते हुए 2 से 5 साल तक की जेल की सजा सुनाई। दोषियों पर 5,000 रुपये से 25,000 रुपये तक का जुर्माना भी लगाया गया।

ब्यूरो ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कदम उठाए जाएंगे।

Related Posts