हरियाणा सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए काम करने वाले संस्थानों की सुविधाएं और सेवाएं बेहतर बनाने के लिए इंडिया ऑटिज्म सेंटर (IAC) के साथ समझौता किया है। सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अंत्योदय (SEWA) विभाग और इंडिया ऑटिज्म सेंटर के बीच हुए इस MoU का उद्देश्य संस्थानों को मजबूत बनाना और विशेषज्ञों को बेहतर प्रशिक्षण देना है।
इस साझेदारी के तहत हरियाणा दिव्यांगजन कल्याण सोसायटी के स्कूलों और राज्य पुनर्वास, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (SIRTAR) के साथ मिलकर काम किया जाएगा। इन संस्थानों में ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी, बौद्धिक, दृष्टि और श्रवण संबंधी दिव्यांगताओं से जुड़े लोगों को सेवाएं दी जाती हैं।
इंडिया ऑटिज्म सेंटर संस्थानों की सुविधाओं और कामकाज का मूल्यांकन कर सुधार के सुझाव देगा। साथ ही शिक्षकों, देखभालकर्ताओं और विशेषज्ञों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी तैयार किए जाएंगे।
इस सहयोग में ‘समावेश’ आवासीय केंद्र, ‘मनन’ प्रशिक्षण कार्यक्रम और ‘खोज’ अनुसंधान इकाई की जानकारी भी साझा की गई। संस्थानों के प्रतिनिधियों को समावेश परिसर का दौरा भी कराया जाएगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा, निदेशक मुकुल कुमार और इंडिया ऑटिज्म सेंटर के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


