पंजाब ने इस साल अब तक की सबसे ज्यादा 17,423 मेगावाट बिजली की मांग बिना किसी बिजली कटौती के पूरी की है। बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने कहा कि राज्य में घरेलू, कारोबारी, औद्योगिक और कृषि क्षेत्र को 24 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है।

लुधियाना में पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि धान के सीजन में बिजली की मांग काफी बढ़ गई थी। सितंबर में पिछले वर्षों में मांग करीब 13,100 मेगावाट रहती थी, जो इस बार बढ़कर 16,600 मेगावाट तक पहुंच गई। इसके बाद मांग ने 17,423 मेगावाट का नया रिकॉर्ड बनाया।

मंत्री ने बताया कि कुछ निजी थर्मल प्लांटों में तकनीकी खराबी आने के बावजूद पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) की टीम ने लगातार काम करके उन्हें दोबारा चालू किया। किसानों को हुई परेशानी की भरपाई के लिए दो अतिरिक्त घंटे बिजली देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि गुरु अमरदास थर्मल प्लांट की खरीद पंजाब के लिए काफी फायदेमंद साबित हुई है। उनके अनुसार, अगर यह प्लांट सरकार ने नहीं खरीदा होता तो मौजूदा स्थिति में बिजली व्यवस्था पर काफी दबाव पड़ सकता था।

आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से 13 सितंबर तक पंजाब में बिजली की खपत 46,696 मिलियन यूनिट रही, जो पिछले साल की समान अवधि से 14 प्रतिशत अधिक है। सितंबर में अब तक खपत में 71 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों, उद्योगों और आम लोगों को लगातार बिजली उपलब्ध कराना है।

Related Posts