पंजाब पहली बार हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को टूर्नामेंट के लोगो का अनावरण किया। प्रतियोगिता 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक जालंधर और मोहाली में होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पंजाब के लिए गर्व का मौका है, क्योंकि राज्य का हॉकी से पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है। टूर्नामेंट के लीग मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मोहाली में खेले जाएंगे।
इस टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और चीन की टीमें हिस्सा लेंगी। सबसे ज्यादा आकर्षण 1 नवंबर को जालंधर में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले का रहेगा। यह मैच शाम 7 बजे खेला जाएगा और इसी दिन पंजाब दिवस भी है।
सीएम मान ने बताया कि टूर्नामेंट के आयोजन के लिए पंजाब सरकार 25.40 करोड़ रुपये खर्च करेगी। जालंधर के स्टेडियम के लिए 14 करोड़ और मोहाली के स्टेडियम के लिए 8.96 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
खास बात यह है कि सभी मैचों में दर्शकों की एंट्री मुफ्त रहेगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं, छात्रों और हॉकी प्रेमियों से बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।


