पंजाब में राशन वितरण व्यवस्था यानी PDS को और बेहतर बनाने की तैयारी है। चंडीगढ़ के MGSIPA में आयोजित एक सेमिनार में PDS में सुधार, पारदर्शिता, तकनीक और पोषण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
पंजाब राज्य खाद्य आयोग के चेयरमैन बल मुकंद शर्मा ने कहा कि राशन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लोगों से सीधे उनकी राय लेना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जमीन पर काम कर रहे कर्मचारियों और लाभार्थियों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर व्यवस्था में सुधार किया जा सकता है।
सेमिनार में PDS के लिए एक सेंट्रलाइज्ड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाने का सुझाव दिया गया। इस सेंटर के जरिए राशन लेने वाले लोगों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याएं और सुझाव जाने जा सकेंगे। प्रमुख सचिव राहुल तिवारी ने इस सुझाव का समर्थन किया और IVR व SMS सुविधा शुरू करने की बात कही।
अधिकारियों के अनुसार, पंजाब में करीब 39.74 लाख राशन कार्ड NFSA के तहत जुड़े हैं। इनसे करीब 1.36 करोड़ लोग लाभ ले रहे हैं। राज्य में 14,450 सरकारी राशन दुकानें हैं।
बैठक में बच्चों और माताओं के पोषण पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने पौष्टिक भोजन, पर्याप्त प्रोटीन और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की जरूरत बताई। चेयरमैन ने पोषण बढ़ाने के लिए बायो-फोर्टिफाइड खाद्यान्न को बढ़ावा देने पर जोर दिया।


