पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि शुद्ध, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन ही स्वस्थ समाज की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने लोगों से मिलावटी खाद्य पदार्थों से बचने और प्राकृतिक व ऑर्गेनिक भोजन अपनाने की अपील की।
पटियाला के होटल शौर्य में आयोजित ‘रंगला पंजाब हमारी साझा जिम्मेदारी—सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन, अच्छे स्वास्थ्य की नींव’ विषय पर खाद्य सुरक्षा सेमिनार को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “जैसा अन्न, वैसा मन” केवल कहावत नहीं, बल्कि वैज्ञानिक सच्चाई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ‘रंगला पंजाब’ विजन के तहत राज्य सरकार खाद्य सुरक्षा और स्वस्थ खान-पान को बढ़ावा देने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि जैविक खेती से तैयार अनाज, फल और सब्जियां स्वास्थ्य के लिए अधिक लाभदायक होती हैं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग बाजारों, होटल और रेस्टोरेंट में नियमित जांच कर मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई कर रहा है, ताकि लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन पहुंच सके।


