पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से जुड़े मामलों के समाधान पर लगातार जोर दे रही है। इसी कड़ी में रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने बुधवार को चंडीगढ़ में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं और सुविधाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।

मंत्री मोहिंदर भगत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों से जुड़े मामलों का समय पर निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में पूर्व सैनिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित किया है, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की देरी न हो।

बैठक में रक्षा सेवा कल्याण विभाग के प्रधान सचिव सुमेर सिंह गुर्जर, निदेशक ब्रिगेडियर भूपिंदर सिंह ढिल्लों और PESCO के निदेशक मेजर जनरल हरमंदीप सिंह (सेवानिवृत्त) मौजूद रहे।

Related Posts