पंजाब में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए 27 नवंबर 2026 को राज्यभर में एयर रेड और ब्लैकआउट मॉक ड्रिल करवाई जाएगी। यह अभ्यास रात 8 बजे सभी जिलों में किया जाएगा। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारियों और प्रतिक्रिया व्यवस्था को मजबूत करना है।
मॉक ड्रिल की शुरुआत रात 8 बजे दो मिनट तक एयर रेड चेतावनी सायरन से होगी। इस दौरान सायरन की आवाज हाई-लो पिच में होगी। जिन इलाकों को संबंधित डिप्टी कमिश्नर और सिविल डिफेंस कंट्रोलर अभ्यास के लिए चिन्हित करेंगे, वहां कुछ समय के लिए ब्लैकआउट का अभ्यास भी किया जाएगा।
ब्लैकआउट के दौरान लोगों से गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने को कहा जाएगा। हालांकि, जरूरी सेवाएं पहले की तरह चलती रहेंगी। ड्रिल पूरी होने के बाद दो मिनट तक लगातार हाई-पिच सायरन बजाकर ‘ऑल क्लियर’ का संकेत दिया जाएगा।
इस अभ्यास में आग लगने की स्थिति में फायर रिस्पांस, सर्च एंड रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, मेडिकल सहायता और घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने जैसी गतिविधियों का भी अभ्यास किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रैफिक और भीड़ को नियंत्रित करने की तैयारियों को भी परखा जाएगा।
सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे इस अभ्यास को लेकर घबराएं नहीं। यह केवल नागरिक सुरक्षा तैयारियों की जांच के लिए आयोजित की जा रही मॉक ड्रिल है। चिन्हित क्षेत्रों के लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और अभ्यास के दौरान सहयोग करने को कहा गया है।


