पंजाब में बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। राज्य सरकार के साथ कई दौर की बातचीत के बाद पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) की 16 कर्मचारी यूनियनों और आम आदमी क्लीनिक (AAC) के कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल वापस लेने और तुरंत काम पर लौटने का फैसला किया है। इसकी जानकारी पंजाब के वित्त मंत्री और कर्मचारियों के मुद्दों पर गठित कैबिनेट उपसमिति के अध्यक्ष हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को पंजाब भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पिछले दो दिनों में सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच लंबी बैठकों का दौर चला। बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंध, PSPCL के चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर और विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई विस्तृत चर्चा के बाद सभी पक्षों के बीच सहमति बन गई। इसके बाद PSPCL की 16 यूनियनों ने हड़ताल समाप्त कर सामान्य कामकाज शुरू करने का फैसला लिया।

वित्त मंत्री ने कहा कि कर्मचारियों की आर्थिक मांगों के समाधान के लिए सरकार ने एक विशेष वित्तीय समिति गठित की है। यह समिति 15 अगस्त तक अपनी अंतिम रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि आम आदमी क्लीनिक के कर्मचारियों का मामला भी बातचीत के जरिए सुलझा लिया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के प्रबंध निदेशक और कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में सरकार ने कर्मचारियों की प्रमुख मांग स्वीकार कर ली है। अब नियमित पदों पर भर्ती के दौरान आम आदमी क्लीनिक में की गई सेवा अवधि को अनुभव के रूप में मान्यता दी जाएगी। अन्य प्रशासनिक मांगों पर भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।

हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि सफाई सेवकों और सीवरेज बोर्ड के कर्मचारियों से जुड़े मामलों में भी सकारात्मक प्रगति हुई है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस के साथ हुई बैठकों के बाद संबंधित यूनियनों ने भी अपना आंदोलन वापस लेने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कदम उठा रही है। आउटसोर्स कर्मचारियों को संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) पर लाने संबंधी अध्यादेश राज्यपाल के पास मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। इससे प्रदेश के हजारों कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा और बेहतर सेवा शर्तों का लाभ मिलेगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि हड़ताल समाप्त होने के बाद अब पूरे पंजाब में बिजली आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो गई हैं। उन्होंने दोहराया कि भगवंत मान सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ आम जनता को निर्बाध और बेहतर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Posts