हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को चंडीगढ़ में कैबिनेट बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस के शासन में नौकरियों में खर्ची-पर्ची और पेपर लीक की घटनाएं होती थीं, जबकि अब पंजाब और दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी पर ऐसे सवाल उठ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार पेपर लीक जैसे मामलों को बेहद गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2024 में पेपर लीक रोकने के लिए कानून बनाया गया था और अब इसे और अधिक सख्त करने की तैयारी चल रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

नायब सिंह सैनी ने पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने दावा किया था कि अगर पंजाब में पेपर लीक होगा तो शिक्षा मंत्री इस्तीफा देंगे। लेकिन फार्मेसी परीक्षा को लेकर विवाद सामने आने के बाद पार्टी के नेता इस मुद्दे पर चुप हैं। उन्होंने कहा कि जब छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं, तब सरकार को जवाब देना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब में एक्साइज इंस्पेक्टर भर्ती को लेकर भी अनियमितताओं के आरोप लगे, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से सवाल किया कि वे बताएं उनकी सरकार ने दिल्ली और पंजाब में कितने गरीब बच्चों को डॉक्टर, इंजीनियर या आईएएस बनाया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने मिशन बुनियाद और मिशन-100 जैसी योजनाओं के जरिए सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को IIT, IIM, NIT और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता दिलाने का काम किया है।

इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार 30 लाख रुपये तक की इलेक्ट्रिक गाड़ियों पर 100 प्रतिशत टैक्स छूट और इससे अधिक कीमत वाले वाहनों पर 50 प्रतिशत टैक्स छूट दे रही है। साथ ही प्रदेश में तेजी से चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह केवल भाजपा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने में लगा है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब और हरियाणा के लोगों के बीच भाईचारे का रिश्ता है और वह पंजाब के लोगों के निमंत्रण पर ही वहां जाते हैं।

Related Posts