युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – संकल्प अभियान’ का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ करेंगे। इस अभियान से हरियाणा के लाखों युवा वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लेंगे।

कुरुक्षेत्र में होगा राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम

हरियाणा में इस अभियान का मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम कुरुक्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेशभर से युवा, विद्यार्थी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संगठन और सामाजिक संस्थाएं बड़ी संख्या में भाग लेंगी।

देशभर के एक करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के करीब 10,000 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों से वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और एक करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे युवाओं से नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में चलेगा अभियान

हरियाणा सरकार इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की तैयारी में जुटी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि हर जिले, हर गांव और हर शहर तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचे।

इस अभियान को सफल बनाने में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का भी सहयोग रहेगा। वहीं राज्य मंत्री गौरव गौतम के नेतृत्व में युवा सशक्तिकरण एवं खेल विभाग अभियान की नोडल एजेंसी के रूप में सभी कार्यक्रमों का संचालन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय करेगा।

हर रविवार चलेगा नशामुक्ति अभियान

हरियाणा में यह अभियान लगातार 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को चलाया जाएगा। इसके तहत युवाओं की अगुवाई में जागरूकता रैलियां, शपथ कार्यक्रम, खेल गतिविधियां, साइकिल रैलियां, मैराथन, संवाद कार्यक्रम और अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनका उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना है।

विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में होंगे विशेष कार्यक्रम

प्रधानमंत्री के संबोधन का अधिक से अधिक युवाओं तक प्रसारण सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश जारी किए गए हैं। सरकारी और निजी कॉलेजों में भी सामूहिक रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा स्कूलों, युवा क्लबों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से अभियान को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाया जाएगा।

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की ताकत

हरियाणा सरकार का मानना है कि नशामुक्त युवा ही विकसित हरियाणा और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। अभियान के माध्यम से हर युवा को यह संकल्प दिलाया जाएगा कि वह स्वयं नशे से दूर रहेगा, दूसरों को भी इसके नुकसान के बारे में जागरूक करेगा और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।

Related Posts