पंचकूला 8 मई : प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल भानू, पंचकूला में आज 29वें स्पोर्टस कण्डेंस बैच के 4 राज्यों के 9 प्रशिक्षणार्थियों के दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। श्री राणा युद्धवीर सिंह, उप महानिरीक्षक, (एनटीसीडी एंड ए) , भातिसी पुलिस इस समारोह के मुख्य अतिथि रहे।
अवधेष नारायण, द्वितीय कमान एवं हरबंस लाल, उप सेनानी द्वारा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। इस भव्य समारोह में अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, संस्थान पदाधिकारी एवं उनके परिवारजन भी साक्षी रहे। इस परेड की कमान कान्स्टेबल/जीडी(रिक्रू०) रुपल यादव ने संभाली।
मुख्य अतिथि राणा युद्धवीर सिंह, उपमहानिरीक्षक द्वारा सभी प्रशिक्षणार्थियों को बेसिक प्रषिक्षण पूर्ण करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि आज आप सभी प्रशिक्षणार्थी अपनी बेसिक ट्रेनिंग पूर्ण करने के उपरांत इस बल के हिमवीर परिवार में एक प्रशिक्षित सदस्य के रुप में शामिल हो गये हैं। आप सभी बहुत भाग्यशाली हैं कि आपको देश सेवा का अवसर आई०टी०बी०पी० जैसे अनुशासित बल में प्राप्त हुआ है।
उन्होने कहा कि आज पास आडट होने वाले सभी रिकरुट स्पोर्टस पृष्ठभूमि से हैं और सभी राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं जो कि भारत तिब्बत सीमा पुलिस के लिए गर्व की बात है। श्री राणा युद्ववीर सिंह, उप महानिरीक्षक ने कहा कि वह आशा करते हैं कि आप भा०ति०सी० पुलिस की विभिन्न केन्द्रीय टीमों का हिस्सा बनकर उत्कृष्ठ प्रदर्शन कर बल एवं देश का नाम रोशन करेंगे। अपने संबोधन में राणा युद्धवीर सिंह ने कहा कि आपने जो इस केन्द्र में ज्ञान अर्जित किया है उसे कायम रखते हुये अपने जीवन में और अधिक सीखने का प्रयास करेंगे।


