हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मोहब्बत की बात करते हैं, लेकिन उनकी दुकान में जहर बेचने का काम हो रहा है। देश और प्रदेश की जनता सब समझती है।
चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों, किसानों और देश को मजबूत बनाने के लिए काम कर रहे हैं। उज्ज्वला योजना, गरीबों को इलाज की सुविधा और किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक मदद जैसी योजनाओं का कांग्रेस विरोध करती रही है।
सैनी ने अरविंद केजरीवाल के शिक्षा संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि केजरीवाल बताएं कि उनके कार्यकाल में कितने बच्चे डॉक्टर और इंजीनियर बने। केवल दावे करने से काम नहीं चलता।
मुख्यमंत्री ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और नशे के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सरकार के कामकाज से नाराज है और चुनाव में जवाब देगी।
वहीं, गुजरात दौरे का जिक्र करते हुए सैनी ने बताया कि करीब 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश में उद्योगों ने हरियाणा में रुचि दिखाई है।


