रिलायंस जियो ने सितंबर महीने में मोबाइल ग्राहकों को जोड़ने के मामले में एयरटेल को काफी पीछे छोड़ दिया। TRAI की रिपोर्ट पर आधारित DAM Capital और IIFL Capital के विश्लेषण के अनुसार, जियो ने सितंबर में 19 लाख नए कोर मोबाइल ग्राहक जोड़े, जबकि एयरटेल के ग्राहकों की संख्या में केवल 2 लाख की बढ़ोतरी हुई। यानी जियो ने एयरटेल के मुकाबले करीब 10 गुना ज्यादा ग्राहक जोड़े।

कोर मोबाइल ग्राहकों की गिनती में मशीनों और उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले M2M कनेक्शन शामिल नहीं किए जाते। सितंबर में देशभर में इस श्रेणी के कुल 22 लाख नए ग्राहक जुड़े, जिनमें करीब 86 फीसदी हिस्सेदारी जियो की रही।

एक्टिव यूजर्स के मामले में भी जियो की संख्या बढ़ी। DAM Capital के मुताबिक, सितंबर में जियो के 13 लाख एक्टिव यूजर्स बढ़े। वहीं, एयरटेल के 2 लाख और वोडाफोन आइडिया के 3 लाख एक्टिव यूजर्स कम हुए।

TRAI के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर के अंत तक जियो के कुल मोबाइल ग्राहक 51.11 करोड़ हो गए। एयरटेल के 49.43 करोड़, वोडाफोन आइडिया के 20.01 करोड़ और BSNL के 9.43 करोड़ ग्राहक थे। इन आंकड़ों में M2M कनेक्शन भी शामिल हैं।

Related Posts