मोहाली, 22 अक्टूबर 2026: मोहाली जिले में SIR-2026 के तहत 24 अक्टूबर, शनिवार को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। ये कैंप दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक लोगों के अपने-अपने मतदान केंद्रों पर लगेंगे। इन कैंपों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अंतिम मतदाता सूची के साथ मौजूद रहेंगे, ताकि लोग वोटर लिस्ट में अपना नाम चेक कर सकें।

जिला चुनाव अधिकारी एवं डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने संबंधित अधिकारियों को कैंपों के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी BLO को भी तय समय पर अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहने को कहा है।

इन कैंपों का मुख्य उद्देश्य लोगों को वोटर लिस्ट से जुड़ी सुविधाएं देना है। जिन योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे नए वोट के लिए पंजीकरण कराने की प्रक्रिया की जानकारी ले सकते हैं। पहली बार वोट बनवाने वाले पात्र युवा भी इन कैंपों में पहुंचकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

नया वोट बनवाने के लिए फॉर्म नंबर 6, विदेश में रहने वाले पात्र भारतीय नागरिकों के पंजीकरण के लिए फॉर्म नंबर 6A और वोटर लिस्ट में नाम, पते या अन्य विवरण में सुधार के लिए फॉर्म नंबर 8 से संबंधित सहायता भी दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे 24 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे के बीच अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोटर लिस्ट में अपना नाम जरूर जांचें। किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए वे अपने BLO से संपर्क कर सकते हैं।

Related Posts