पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते तापमान से निपटने के लिए पंजाब के लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की है।

संधवां ने कहा कि बढ़ता वैश्विक तापमान इंसानों के साथ-साथ धरती पर मौजूद सभी जीवों के लिए बड़ा खतरा बन रहा है। ऐसे में पर्यावरण की सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन में कम से कम एक पेड़ जरूर लगाएं और उसकी देखभाल भी करें।

उन्होंने कहा, “हम प्रकृति के लिए जो करते हैं, प्रकृति भी हमारे लिए वही करती है।” संधवां के मुताबिक, जितना अधिक हम प्रकृति से जुड़ेंगे और उसकी देखभाल करेंगे, उतना ही प्रकृति हमें सुरक्षित रखने में मदद करेगी।

संधवां ने बताया कि पेड़ हवा को साफ करने और प्रदूषण कम करने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खुद भी पंजाब विधानसभा परिसर में कई फलदार पेड़ लगाए हैं। उनका कहना है कि ये पेड़ आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अच्छी विरासत बनेंगे।

उन्होंने भविष्य में भी पौधरोपण अभियान जारी रखने की बात कही और लोगों से पर्यावरण बचाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।

Related Posts