पंजाब सरकार गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और बाणी को लोगों तक पहुंचाने के लिए राज्यभर में 92 ड्रोन शो आयोजित करेगी। पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने तैयारियों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसएएस नगर, रूपनगर और शहीद भगत सिंह नगर के डिप्टी कमिश्नरों के साथ कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस भी ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए।
ड्रोन शो के जरिए गुरु रविदास जी के संदेश, सामाजिक समानता और मानवता से जुड़ी शिक्षाओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को गुरु जी की विचारधारा से जोड़ना है।
बैठक में नवंबर महीने में आयोजित होने वाली शोभा यात्राओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
सरकार के मुताबिक, इन कार्यक्रमों के जरिए गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और मानवता के संदेश को पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में व्यापक स्तर पर पहुंचाया जाएगा।


