हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘हरियाणा विजन-2047’ के तहत स्वास्थ्य विभाग की अगले पांच वर्षों की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और हरियाणा को देश के अग्रणी स्वास्थ्य राज्यों में शामिल करना है।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, अस्पतालों के बुनियादी ढांचे, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से तय समय सीमा में योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, टेलीमेडिसिन, समय पर जांच और बेहतर उपचार सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को बिना किसी भेदभाव के गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। इसके लिए नई तकनीकों का अधिक उपयोग, स्वास्थ्य संस्थानों का आधुनिकीकरण और चिकित्सा सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अगले पांच वर्षों की कार्ययोजना को मिशन मोड में लागू कर हरियाणा विजन-2047 के लक्ष्य को साकार किया जाए, ताकि प्रदेश के नागरिकों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।


