हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में मलेशिया के पेनांग के उपमुख्यमंत्री जगदीप सिंह देव से मुलाकात की। बैठक में दोनों पक्षों ने निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), तकनीक, कौशल विकास, रोजगार और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा तकनीक और नए उद्योगों के लिए तेजी से बेहतर माहौल तैयार कर रहा है। राज्य में AI और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए नए हब विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने मलेशियाई निवेशकों को हरियाणा में निवेश के अवसर तलाशने का निमंत्रण दिया।

मुख्यमंत्री ने खास तौर पर पंचकूला और गुरुग्राम में विकसित होने वाले AI हब्स का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा और पेनांग के बीच सहयोग से तकनीकी क्षेत्र में निवेश के साथ युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

बैठक के दौरान जगदीप सिंह देव ने अपनी पंजाबी और सिख विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को सितंबर में पेनांग में होने वाले एक ऐतिहासिक गुरुद्वारे के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

Related Posts