हरियाणा सरकार ने प्रदेश के लाखों परिवारों को आर्थिक राहत देते हुए सोमवार को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की राशि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 50,04,873 पात्र लाभार्थियों के खातों में कुल 1,595.50 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे।

इसमें सबसे बड़ी राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत जारी की गई। 34.93 लाख लाभार्थियों को 1,124.94 करोड़ रुपये मिले। वहीं, दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 10वीं किस्त के रूप में 9.98 लाख महिलाओं के खातों में 209.62 करोड़ रुपये भेजे गए।

दयालु योजना के तहत 6,224 परिवारों को 234.77 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी गई। इसके अलावा हर घर-हर गृहिणी योजना में 4.93 लाख महिलाओं को जून महीने की 19.17 करोड़ रुपये की सब्सिडी मिली।

किसानों को भी इस अभियान में शामिल किया गया। हरित खाद को बढ़ावा देने के लिए 13,237 किसानों को 7 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। यह सहायता ढैंचा, मूंग और अन्य हरित खाद फसलों को बढ़ावा देने के लिए दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना की आय सीमा 1 लाख से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये सालाना की जाएगी। इससे ज्यादा परिवारों की महिलाओं को योजना का लाभ मिल सकेगा।

सरकार के मुताबिक, डीबीटी और परिवार पहचान पत्र आधारित व्यवस्था से लाभार्थियों तक सहायता सीधे पहुंच रही है। इससे बिचौलियों की भूमिका कम होने के साथ सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Posts