हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने धान और बाजरा खरीद की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को किसानों की फसल समय पर खरीदने और भुगतान में देरी न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बारिश से अनाज को बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों से खरीद, अनाज के उठान और भंडारण की जानकारी ली। अधिकारियों के अनुसार, 12 अक्टूबर तक प्रदेश की मंडियों में 18.06 लाख मीट्रिक टन धान पहुंचा है। इसमें से 11.90 लाख मीट्रिक टन की खरीद हुई और 4.88 लाख मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है।
अब तक 48,152 किसानों को करीब 758 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। खरीद एजेंसियों में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 7.02 लाख टन, हैफेड ने 3.50 लाख टन और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 1.38 लाख टन धान खरीदा है।
मंत्री ने कहा कि किसानों को फसल बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंडियों में तिरपाल, सुरक्षित भंडारण और समय पर उठान की व्यवस्था मजबूत रखने को कहा, ताकि बारिश और नमी से अनाज खराब न हो। अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।


