हरियाणा में आम लोगों की शिकायतों के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सीएम विंडो, जनसंवाद, सोशल मीडिया ग्रीवांस ट्रैकर और समाधान शिविरों में मिली शिकायतों की समीक्षा की।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री के मौजूदा कार्यकाल में सीएम विंडो पर 2.83 लाख शिकायतें मिलीं, जिनमें से 2.34 लाख का समाधान किया जा चुका है। इसी तरह सोशल मीडिया ग्रीवांस ट्रैकर पर मिली 1,05,761 शिकायतों में से 83,550 का निपटारा किया गया है।

मुख्यमंत्री ने शेष शिकायतों को भी जल्द निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों का शिकायत समाधान स्कोर 70 से ऊपर होना चाहिए। यमुनानगर, नूंह और हांसी जिलों के काम की भी बैठक में जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने फैमिली आईडी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सभी जिलों के अतिरिक्त उपायुक्तों को आय से जुड़े मामलों को छोड़कर व्यापक अधिकार दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। पेयजल, बिजली और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने को कहा गया है।

Related Posts