हरियाणा सरकार ने प्रदेश को एचआईवी/एड्स मुक्त बनाने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए हैं। सरकार ने 31 दिसंबर तक राज्य के सभी 23 जिलों को एचआईवी/एड्स नियंत्रण के ‘सुरक्षित जिला’ ढांचे में शामिल करने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच, उपचार और मरीजों को लगातार स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रदेश में एचआईवी जांच का दायरा बढ़कर 94.7 प्रतिशत हो गया है। वहीं, एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) के तहत उपचार कवरेज 91.1 प्रतिशत तक पहुंच चुका है। इसके अलावा 95.8 प्रतिशत मरीजों में वायरल सप्रेशन दर्ज किया गया है। ये आंकड़े राज्य में एचआईवी नियंत्रण के प्रयासों में हो रही प्रगति को दर्शाते हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने उन मरीजों को दोबारा उपचार से जोड़ने के लिए भी विशेष अभियान चलाया, जिन्होंने बीच में ही दवाइयां लेना या इलाज कराना बंद कर दिया था। इस अभियान के तहत 6,000 से अधिक ऐसे मरीजों की पहचान कर उन्हें फिर से स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा गया है।

सरकार का लक्ष्य है कि सभी जिलों में एचआईवी की समय पर पहचान, नियमित उपचार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Related Posts