पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार रहने तक जनता को मिल रही सभी कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी। इनमें महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य बीमा और मुफ्त बिजली जैसी सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आम लोगों को आर्थिक राहत देने के साथ पंजाब का विकास करना है।
मुख्यमंत्री ने जालंधर के डोनेवाल में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने कांग्रेस और अकाली दल को कई बार सत्ता का मौका दिया, लेकिन इन दलों के शासन में राज्य की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं आया।
सीएम मान ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की समस्या पिछली भाजपा-अकाली सरकार के दौरान बढ़ी। उन्होंने सवाल उठाया कि जिनके शासन में नशे का कारोबार फैला, वे अब पंजाब को नशामुक्त बनाने की बात कैसे कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार प्रदेश के युवाओं को बिना सिफारिश और पारदर्शी प्रक्रिया के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। पंजाब विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और अब सभी को मिलकर इसकी रफ्तार तेज करनी होगी।
उन्होंने आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता लंबे समय तक पंजाब को लूटने वालों को जवाब देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनकल्याण और विकास सरकार की प्राथमिकता बने रहेंगे।


