पंजाब में मानसून के दौरान लोगों को सड़क यातायात में परेशानी न हो, इसके लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने राज्य में चल रहे सड़क विकास और मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान भी सड़कों पर यातायात किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए।
ईटीओ ने कहा कि जिन इलाकों में जलभराव की समस्या रहती है, वहां पहले से जरूरी इंतजाम किए जाएं। सड़क किनारे पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की जाए।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत के काम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा के जरूरी इंतजाम भी किए जाएं, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार लोगों को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधा देने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य मजबूत सड़क नेटवर्क तैयार करने के साथ मानसून में भी लोगों का सफर सुगम बनाए रखना है।


