हरियाणा में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान का जोरदार आगाज हो गया है। 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तिरंगा यात्राएं, प्रदर्शनियां, सामूहिक गायन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, महिलाएं और आम लोग इन कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।
13-14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
अभियान के तहत 13 और 14 अगस्त को गुरुग्राम में राज्य स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं, कई जिलों में विभाजन की त्रासदी से जुड़ी प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। चरखी दादरी में दादरी के अलावा बाढड़ा, झोझू और बौंद में भी प्रदर्शनी आयोजित होगी।
पलवल में निकलेगी बड़ी तिरंगा यात्रा
पलवल में 13 अगस्त को पुलिस लाइन से स्टेडियम तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम यात्रा का नेतृत्व करेंगे।
गांव-गांव पहुंच रहा देशभक्ति का संदेश
सिरसा, जींद, फतेहाबाद, करनाल, कुरुक्षेत्र और रेवाड़ी समेत कई जिलों में तिरंगा यात्राएं शुरू हो चुकी हैं। जींद में रानी तालाब से शहीदी स्मारक तक निकली यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने तिरंगा लेकर भाग लिया।
अभियान का उद्देश्य हर नागरिक को तिरंगे से जोड़ना और देशभक्ति, एकता व राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करना है। नागरिक तिरंगे के साथ अपनी फोटो आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्राप्त कर सकते हैं।


