पंचकूला, 17 अप्रैल: कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सहायक कृषि अभियंता ओमप्रकाश महीवाल द्वारा खंड बरवाला के गांव रिहोड का दौरा किया गया। इस दौरान किसान श्री ओमप्रकाश की लगभग 7 एकड़ भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल को कंबाइन हार्वेस्टर द्वारा कटवाया गया।
इस अवसर पर सहायक कृषि अभियंता ओमप्रकाश महीवाल ने किसानों को बताया कि जिला पंचकूला में आसानी से कंबाइन हार्वेस्टर उपलब्ध हैं। उन्होंने किसानों को खुले में गेहूं के अवशेष न जलाने की सलाह दी, क्योंकि इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। साथ ही यह भी बताया कि गेहूं के अवशेषों को जलाने के बजाय स्ट्रा रीपर के माध्यम से पशुओं के चारे के रूप में उपयोग किया जा सकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस बार सरकार द्वारा गेहूं के अवशेष जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है। जिला स्तर पर कई टीमें गठित की गई हैं, जो अवशेष जलाते पाए जाने पर संबंधित किसान का चालान करेंगी। इसके साथ ही एफआईआर दर्ज करने और रेड एंट्री करने की भी कार्रवाई की जाएगी।


