पंचकूला 27 मई – हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने पंचकूला स्थित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण कर बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉल सेंटर में आने वाली शिकायत कॉल्स, उनके समाधान की प्रक्रिया तथा उपभोक्ताओं को दिए जा रहे रिस्पॉन्स की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।
औचक निरीक्षण के उपरांत मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 1912 कॉल सेंटर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को बिजली आपूर्ति या बिलिंग संबंधी कोई समस्या आती है तो वह सीधे कर्मचारियों को फोन करने की बजाय 1912 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाए, ताकि शिकायतों की मॉनिटरिंग पारदर्शी तरीके से हो सके और उपभोक्ताओं व कर्मचारियों के बीच किसी प्रकार की असुविधा या विवा/द की स्थिति उत्पन्न न हो।
अनिल विज ने बताया कि पंचकूला स्थित इस कॉल सेंटर में लगभग 250 कर्मचारी 24 घंटे कार्यरत रहते हैं और बिजली से संबंधित शिकायतों को लगातार अटेंड करते हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं यह देखने के लिए यहां पहुंचे हैं कि शिकायतों का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर और प्रभावी ढंग से हो रहा है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई उपभोक्ताओं से सीधे फोन पर बातचीत कर शिकायत समाधान की स्थिति की जानकारी ली। कुछ उपभोक्ताओं ने समाधान पर संतोष जताया, जबकि कुछ मामलों में अपेक्षित रिस्पॉन्स न मिलने की बात सामने आई, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए।


