उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अपने अगले कदम को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने करीब नौ मिनट का वीडियो जारी कर कहा कि अब वह राजनीति के जरिए लोगों की आवाज बनना चाहती हैं।

दिव्या मित्तल ने वीडियो में कहा कि IAS पद से इस्तीफा देने के बाद उनके मन में कई सवाल थे। कुछ समय सोचने के बाद उन्होंने इन सवालों के जवाब तलाशने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि उनके आगे के सफर का रास्ता राजनीति है।

उन्होंने कहा कि वह उन लोगों की आवाज बनना चाहती हैं, जो आज भी सरकारी दफ्तरों तक नहीं पहुंच पाते और अगर पहुंचते भी हैं तो उनकी बात सुनी नहीं जाती।

दिव्या मित्तल ने देश की आजादी के 80 वर्षों के सफर को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि वह इसका हिसाब चाहती हैं। उनके इस वीडियो के बाद उनके राजनीतिक सफर को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

दिव्या मित्तल किस राजनीतिक दल के साथ जाएंगी और किस क्षेत्र से राजनीति की शुरुआत करेंगी, इस पर अभी उन्होंने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।

दिव्या मित्तल ने एक गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बच्चों की पढ़ाई पांचवीं कक्षा के बाद रुक जाती थी। एक महिला ने उनसे पानी या घर नहीं, बल्कि गांव में आगे की कक्षाओं के लिए स्कूल की मांग की। उनके मुताबिक स्कूल को मंजूरी मिलने के बावजूद तीन साल बाद भी निर्माण शुरू नहीं हुआ। दिव्या मित्तल ने सवाल उठाया कि जब पैसा, नियम और स्वीकृति मौजूद थे, तो काम क्यों नहीं हुआ? उन्होंने कहा कि समस्या संसाधनों की नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति की थी और अब वह ऐसे मामलों का जवाब चाहती हैं।

https://x.com/divyamittal_IAS/status/2104769086446280938?s=20

Related Posts