पंचकूला, 16 जून- उपायुक्त सतपाल शर्मा ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में आज जिला में बाल श्रम एवं बंधुआ मजदूरी की रोकथाम के लिए गठित जिला टास्क फोर्स और चैकसी समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उपायुक्त ने टास्क फोर्स को जिले को बाल श्रम मुक्त बनाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि उनका लक्ष्य जिला पंचकूला को पूरी तरह बाल श्रम मुक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि बाल श्रम की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाना भी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि ढाबों, ईंट-भट्ठों, औद्योगिक इकाइयों, दुकानों, ट्रैफिक लाइट प्वाइंट्स तथा अन्य बाल श्रम संभावित स्थानों पर औचक निरीक्षण किया जाए और यदि कहीं भी बच्चों से श्रम करवाते हुए पाया जाए तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही इन स्थानों पर समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई के विरुद्ध जागरूक किया जाए। उपायुक्त ने पुलिस विभाग को भी निर्देश दिए कि शहर के विभिन्न ट्रैफिक लाइट प्वाइंट्स पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि बाल श्रम की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होने कंस्ट्रक्शन साईट को भी चैक करने के निर्देश दिए ताकि बच्चों से कंस्ट्रक्शन का काम न लिया जा रहा हो। यदि कोई संलिप्त पाया जाए तो उसके खिलाफ कारवाई करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बैठक में जिले में बंधुआ मजदूरी की रोकथाम के लिए गठित चैकसी समिति द्वारा उठाए जा रहे कदमों की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी बंधुआ मजदूरी न हो।


