पंचकूला, 16 जून: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में महानिदेशक आयुष विभाग हरियाणा श्री संजीव वर्मा के निर्देशानुसार, जिला प्रशासन पंचकूला एवं आयुष विभाग के द्वारा 21 जून 2026 को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
डा० दिलीप कुमार मिश्रा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, पंचकूला की अध्यक्षता में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के तहत 16 जून से 18 जून तक जिला स्तर पर योग प्रोटोकाल का अभ्यास करवाया जाना है जिसमें मंत्रीगण, सांसद, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी, अन्य सभी विभागों के अधिकारी/कर्मचारी, स्कूली छात्रों द्वारा भाग लिया जाएगा।
प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिन आज परेड ग्राउंड, सैक्टर-5 में जिला स्तर पर जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को योग प्रोटोकॉल का अभ्यास आयुष योग विशेषज्ञा व पतंजली के योग शिक्षकों द्वारा करवाया गया जिसमें लगभग 120 प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
प्रशिक्षण शिविर का आंरभ प्रार्थना मंत्र के उच्चारण से किया गया तदोपरांत योग क्रियाओं जैसे ताडासन, वृक्षासन, पादहस्त, अर्धचक्रासन, वज्रासन, उत्तानमण्डुक, उष्ट्रासन, वक्रासन, मक्रासन, शलभासन, सेतुबंध, उत्तानपादासन, पवनमुक्त, अर्धहलासन, अनुलोम विलोम, कपालभाती, भ्रामरी का अभ्यास करवाते हुए इन यौगिक क्रियाओं द्वारा होने वाले लाभों की भी जानकारी दी गई।


