हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिंडारसी हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री शुक्रवार देर शाम गांव कलाल माजरा पहुंचे और हादसे में मृत लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिंडारसी में हुआ हादसा बेहद दुखद है। किसी अपने को खोने का दर्द बहुत बड़ा होता है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल समय में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है और हर संभव मदद की जाएगी।
सीएम सैनी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार के बैंक खाते में 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भेज दी गई है। इसके अलावा हादसे में घायल लोगों के इलाज के लिए भी सरकार की ओर से आर्थिक मदद दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवारों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इसके बाद मुख्यमंत्री लाडवा के गांव छपरा पहुंचे। यहां उन्होंने स्वर्गीय जसवंत सिंह के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की और शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिवार के सदस्यों को इस कठिन समय में हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।


